धर्मशाला। एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में खेला गया न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलिया मैच पर्यटन नगरी धर्मशाला और मैक्लोडगंज के होटल कारोबारियों के लिए संजीवनी साबित हुआ। मैच के साथ वीकेंड होने के चलते पर्यटन नगरी में देर शाम तक 70 फीसदी होटलों की बुकिंग दर्ज की गई। इससे होटल कारोबारी भी खासे गदगद रहे।
होटल कारोबारियों के मुताबिक एचपीसीए स्टेडियम को मिली पांच क्रिकेट विश्व कप मैचों की मेजबानी से लंबे समय से मंदी की मार झेल रहे होटल कारोबार को राहत दे दी। शनिवार को हुआ मैच भी होटल कारोबार के लिए राहत भरा साबित हुआ। होटल कारोबार सहित कई छोटे-बड़े दुकानदारों, रिक्शा और टैक्सी चालकों को भी कारोबार में राहत मिली है।
भारत मैच की तरह दिखा रुझान
एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए भारत-न्यूजीलैंड के क्रिकेट मैच के बाद ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड मैच को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह दिखा। देर शाम तक पर्यटन नगरी के होटलों में 70 फीसदी तक होटल बुक रहे। - अश्वनी बांवा, अध्यक्ष, होटल एसोसिएशन धर्मशाला।
विश्व कप के पांच मैच पर्यटन कारोबार के लिए बेहतर साबित
एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में खेले गए आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के पांचों मैच पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को लिए बहुत अच्छे साबित हुए हैं। आपदा की मार से जो पर्यटन कारोबार पर असर पड़ा था, उसे इन मैचों ने काफी हद तक राहत प्रदान की है। - राहुल धीमान, अध्यक्ष, स्मार्ट सिटी होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला।