कुडसां में आयोजित महिला ग्राम सभा में विभिन्न मुद्दों पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
इंदौरा (कांगडा)। इंदौरा विकास खंड के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत कुड़सां में महिला ग्रामसभा का आयोजन पंचायत कुड़सां की प्रधान अनुवाला की अध्यक्षता में किया गया। सभा से पहले कोलकाता में डाक्टर के परिजनों को इंसाफ दिलाने के लिए रैली भी निकाली। ग्राम सभा में चिन्मय कॉर्ड संस्था के लगभग सात महिला मंडलों की 40 महिलाओं ने भाग लिया। ग्राम सभा में विभिन्न कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
इसमें पीने के पानी की समस्या, हर गली में सोलर लाइट, सड़क निर्माण, महिला सुरक्षा, महिला स्नानघर मुद्दों पर महिलाओं ने अपने विचार रखे। वहीं सभा में पठानकोट से किडनैप बच्चे को स्थानीय युवकों, हिमाचल व पंजाब पुलिस ने जिस प्रकार बचा कर अपना दायित्व निभाया। उसके लिए उनकी भी सराहना की गई। इसमें महिलाओं को संदेश दिया गया कि आप अपने व आसपास के बच्चों का ध्यान रखें और बाहरी कोई व्यक्ति गांव या आसपास के क्षेत्र में मिलता है तो उसका आधार कार्ड चेक करें। इस में ग्राम पंचायत कुड़सां की प्रधान अनु वाला ने वार्ड-एक में पानी की समस्या के समाधान के लिए 5000 रुपये दिए। इस बैठक में चिन्मय कार्ड संस्था से सुनीता कटोच ओर ज्योति शर्मा मौजूद रही।