नरेंद्र मोंगरा ने निजी खर्च से करवाई सफाई
कूहल चालू होने से हजारों किसानों को राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। पिछले दो वर्षों से बंद मांझी खड्ड से निकलने वाली बढ़ूल सिंचाई कूहल में आखिरकार फिर से पानी बहने लगा है। एपीएमसी अध्यक्ष और प्रदेश ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र कुमार मोंगरा ने अपने निजी खर्च पर जेसीबी मशीन लगवाकर कूहल की सफाई करवाई और इसमें दोबारा पानी चालू करवाया। इससे क्षेत्र के हजारों किसानों को बड़ी राहत मिली है। करीब आठ किलोमीटर लंबी इस कूहल में पिछले दो वर्ष से मांझी खड्ड में आई बाढ़ के कारण गाद भर गई थी। इसके अलावा घास और झाड़ियां उग आने से कूहल पूरी तरह बंद हो गई थी। परिणामस्वरूप तियारा, देहरियां और आसपास के गांवों की कृषि भूमि तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा था जिससे किसान परेशान थे।
कोहली के सुरजीत कुमार ने बताया कि बढ़ूल कूहल मांझी से निकलकर तियारा और देहरियां क्षेत्र तक लगभग पांच हजार किसानों की हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई करती है। सिंचाई कूहल के बंद होने से खेतीबाड़ी प्रभावित हो रही थी और कई किसानों की उपजाऊ भूमि बंजर होने की स्थिति में पहुंच गई थी।
स्थानीय किसानों ने कूहल को दोबारा शुरू करवाने के लिए नरेंद्र कुमार मोगरा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम खेती और बागवानी के लिए संजीवनी साबित होगा। इस अवसर पर नरेंद्र कुमार मोंगरा ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पटौला से निकलने वाली मग्रेहड़, इच्छी और डोंडू कूहलों के सुधार और पुनरुद्धार के लिए लगभग 80 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत कर दी गई है। इन परियोजनाओं पर शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई सुविधाओं का लाभ मिल सके।