लंबागांव (कांगड़ा)। स्थानीय पंचायत ने चौकीदार की नियुक्ति में अनियमितताएं पाए जाने के बाद उसे तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। जयसिंहपुर के एसडीएम की ओर से करवाई गई जांच में नियुक्ति हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई। जांच रिपोर्ट में नियुक्ति प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए इसे अवैध करार दिया गया।
इस मामले में संबंधित दो पंचायत सचिवों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पंचायत ने विशेष बैठक बुलाकर मामले पर चर्चा की। बैठक में पंचायत चौकीदार इंद्रजीत सिंह की सेवाएं समाप्त करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान विजयंत सिंह ने की। बीडीओ सिकंदर ने चौकीदार को पद से हटाए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि पंचायत चौकीदार की नियुक्ति और सेवाएं समाप्त करने का अधिकार संबंधित पंचायत के पास होता है।