तपोवन (धर्मशाला)। विधानसभा सत्र के पहले दिन सोमवार को चंबा और कांगड़ा जिले को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी होली-उतराला सड़क परियोजना और धर्मशाला के पास सुधेड़ डंपिंग साइट का मामला उठा।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सदन में जानकारी दी कि बहुप्रतीक्षित होली-उतराला सड़क का निर्माण पूरा होने में अभी समय लगेगा। वहीं, सुधेड़ की डंपिंग साइट को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का फिलहाल सरकार के पास कोई प्रस्ताव नहीं है।
बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल के सवाल के जवाब में मंत्री ने जानकारी दी कि 71 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण तीन चरणों में किया जा रहा है। इसका 39 किलोमीटर हिस्सा भरमौर और 32 किलोमीटर बैजनाथ लोक निर्माण मंडल के अधीन आता है।
भरमौर मंडल के तहत होली से इलाका माता मंदिर तक 17 किलोमीटर सड़क का निर्माण और ब्लैकटॉप कार्य पूरा हो चुका है। इलाका माता मंदिर से सुराही नाला तक करीब 22 किलोमीटर हिस्से में किलोमीटर 17 से 19.100 तक फॉर्मेशन कटिंग पूरी हुई है। वहीं, सुराही नाले पर 40 मीटर स्पैन के स्टील ट्रस पुल का निर्माण जारी है।
इलाका माता मंदिर से गांव याड़ा तक 10 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 18.21 करोड़ रुपये की डीपीआर 3 मई 2025 को नाबार्ड को मंजूरी के लिए भेजी गई थी, जिसकी स्वीकृति अभी लंबित है।
बैजनाथ मंडल के तहत उतराला से सुराही पास तक 32 किलोमीटर सड़क का निर्माण तीन चरणों में प्रस्तावित है। पहले चरण में उतराला से बकलूड तक 13 किलोमीटर सड़क बन चुकी है। इसके लिए नाबार्ड से 1422.18 लाख रुपये की मंजूरी मिली थी।
दूसरे चरण में किलोमीटर 13 से 19 तक पुल सहित सड़क निर्माण के लिए 921.31 लाख रुपये की स्वीकृति 25 सितंबर 2025 को मिली। तकनीकी स्वीकृति 845.44 लाख रुपये की दी गई और 3 अगस्त 2026 को ठेकेदार को काम आवंटित किया गया। इस हिस्से में 0.410 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हुआ है, जबकि शेष कार्य जारी है।
तीसरे चरण में किलोमीटर 19 से 32 तक सुराही पास के लिए सड़क निर्माण प्रस्तावित है। इसे विधायक प्राथमिकता वर्ष 2026-27 में शामिल किया गया है। इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है, जिसे जल्द मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
सुधेड़ की डंपिंग साइट पर केवल ने पूछा था सवाल
तपोवन (धर्मशाला)। विधानसभा में शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया का प्रश्न था कि क्या सरकार शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत सुधेड़ की डंपिंग साइट को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने पर विचार कर रही है। यदि हां तो इसे कब तक शिफ्ट किया जाएगा। इसके जवाब में सरकार ने स्पष्ट किया कि सुधेड़ की डंपिंग साइट को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का कोई भी प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है। ब्यूरो