धर्मशाला के कोतवाली पेट्रोल पंप के बाहर निजी वॉल्वो बस के कारण रुक ट्रैफिक। संवाद
धर्मशाला। प्रदेश सरकार द्वारा घोषित पर्यटन राजधानी धर्मशाला में इन दिनों पर्यटन सीजन चरम पर है, लेकिन इसके बावजूद शहर की यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। रात के समय दिल्ली सहित अन्य राज्यों को जाने वाली निजी वोल्वो बसों की मनमानी ने आम लोगों और अन्य वाहन चालकों के लिए सिरदर्द पैदा कर दिया है। कोतवाली बाजार स्थित पेट्रोल पंप के सामने रोजाना एक दर्जन से अधिक वोल्वो बसें यात्रियों को सड़कों पर ही बिठाने लगती हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। यात्रियों की लंबी कतारें, खड़ी बसें और सिकुड़ी सड़कों पर फंसे अन्य वाहन चालकों की परेशानी हर दिन की कहानी बन गई है। बुधवार रात 8:00 से 9:30 बजे तक संवाददाता टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया।
जैसे ही रात के 8:00 बजे, मैक्लोडगंज बाईपास रोड पर खड़ी वोल्वो बसें पेट्रोल पंप की ओर आना शुरू हो गईं। कुछ बसें पेट्रोल पंप के अंदर खड़ी रहीं, लेकिन अधिकांश ने यात्रियों को सीधे सड़क पर ही चढ़ाना शुरू कर दिया, जिससे वहां जाम लगना शुरू हो गया। सड़क से गुजरने वाले अन्य वाहन चालक और स्थानीय लोग इन बसों की मनमानी से नाराज़ हैं। लोगों का कहना है कि पहले ही सैलानियों के वाहनों की संख्या बढ़ी हुई है, ऊपर से इन वोल्वो बसों की वजह से रोज का ट्रैफिक जाम जीवन को अस्त-व्यस्त कर रहा है। इस दौरान यहां से गुजर रहे एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि धर्मशाला पर्यटन राजधानी है, लेकिन यहां की ट्रैफिक व्यवस्था इसे शर्मिंदा कर रही है। लोगों ने प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि इन निजी बसों के लिए यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के लिए निर्धारित स्थान तय किए जाएं, ताकि मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक बाधित न हो। साथ ही, नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना और कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
धर्मशाला के कोतवाली पेट्रोल पंप के बाहर निजी वॉल्वो बस के कारण रुक ट्रैफिक। संवाद