बही पंचायत में आग लगने से जला घर में रखा सामान और नगदी। पाठक
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल की ग्राम पंचायत बही में 80 वर्षीय संतोष कुमारी पत्नी हेमराज के घर में बुधवार सुबह आग लगने से घर में संदूक में रखी एक लाख की नकद राशि और अन्य घरेलू सामान जल गया। संतोष कुमारी ने बताया कि उन्होंने एक लाख रुपये किसी समारोह के लिए रिश्तेदारों से उधार लिए थे, जिसे उन्होंने अपने घर पर रखा था। यह राशि जलकर पूरी तरह से राख हो गई है। साथ ही अन्य घरेलू सामान कपड़े और बेड बॉक्स इत्यादि जल गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे ग्राम पंचायत बही के प्रधान बलबीर सिंह ठाकुर ने जायजा लिया और तहसीलदार रमन ठाकुर को इस घटना की सूचना दी। तहसीलदार ने स्थानीय पटवारी को घटना स्थल भेजा और प्रशासन की ओर से प्रभावित को पांच हजार रुपये फौरी राहत प्रदान की गई है। विधायक किशोरी लाल ने संबंधित विभाग को मामले में रिपोर्ट बना कर उचित सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।