बैजनाथ (कांगड़ा)। बिनवा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को भारत विकास परिषद शाखा बैजनाथ-पपरोला की ओर से ‘भारत को जानो’ और ‘राष्ट्रीय समूहगान’ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उपमंडल के 16 सरकारी व निजी स्कूलों के करीब 165 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इसमें भाग लिया। इसका उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना और संस्कारों के प्रति रुचि बढ़ाना था।
‘भारत को जानो’ के जूनियर वर्ग में विजन पब्लिक स्कूल पहले, हिमालयन पब्लिक स्कूल पपरोला दूसरे और सरस्वती विद्या मंदिर पपरोला तीसरे स्थान पर रहा। सीनियर वर्ग में भारती विद्यापीठ पब्लिक स्कूल ने पहला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कृष्णानगर ने दूसरा और क्रेयोन्स पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
राष्ट्रीय समूहगान में भारती विद्यापीठ पब्लिक स्कूल प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय झिकली भेठ द्वितीय और हिमालयन पब्लिक स्कूल पपरोला तृतीय रहा। प्रतिष्ठित स्वर्गीय एसके शर्मा चलविजयोपहार ट्रॉफी भी भारती विद्यापीठ के नाम रही।
समारोह में पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) बीआर शर्मा मुख्य अतिथि रहे। इस मौके पर उनकी पुस्तक ‘देवभूमि हिमाचल’ का विमोचन भी हुआ। परिषद अध्यक्ष अनुज कुमार आचार्य ने सभी का आभार जताया।