बीपीएल के नए नियमों के विरोध में एस डी एम देवी चंद ठाकुर को ज्ञापन सौंपते खडा नाल पंचायत के प्र
बैजनाथ (कांगड़ा)। विकास खंड बैजनाथ की खड़ा नाल पंचायत के ग्रामीणों ने प्रधान रोहित जम्वाल की अगुवाई में बीपीएल परिवारों के लिए बनाए नए नियमों को लेकर विरोध जताया है। इस विरोध के चलते लोगों ने एसडीएम देवी चंद ठाकुर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। रोहित जम्वाल ने कहा कि सरकार की ओर से बीपीएल परिवारों के चयन के लिए बनाए नए नियमों के तहत 16 अप्रैल को पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन किया था और उसमें पंचायत के अधिकांश परिवारों ने इन नियमों का विरोध किया है।
उन्होंने कहा कि ये नियम इतने कड़े हैं कि ऐसा लग रहा है कि सरकार गरीब लोगों को भी बीपीएल परिवारों की सूची से बाहर करने के पक्ष में है। 50 प्रतिशत विकलांग और 100 दिन मनरेगा में लगे होने जैसे नियम कैसे पूरे होंगे। पंचायत को मनरेगा के बहुत सीमित कार्य मिल रहे हैं। उनकी पंचायत में ही 150 परिवार बीपीएल सूची में आने के हकदार हैं लेकिन सरकारी नियम ऐसे परिवारों को सूची से बाहर कर रहे हैं। कुछ एक परिवारों की आय प्रतिमाह एक हजार से भी कम है और बीपीएल ही उनका सहारा है। उन्होंने सरकार से धरातल पर जांच करवाकर नियमों में बदलाव करने का आग्रह किया है।