बरियाल (कांगड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरोटा सूरियां में आरकेएस की बैठक में अनावश्यक खर्चों को लेकर खूब हंगामा हुआ। इस दौरान समिति सदस्यों ने बीएमओ द्वारा आरकेएस के वर्ष 2024-25 बजट से किए गए खर्चों को लेकर सवाल खड़े किए।
भारी हंगामे के बीच सीएचसी नगरोटा सूरियां की आरकेएस की बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए 17,60,538 रुपये का बजट पारित कर दिया गया। शनिवार को सीएचसी नगरोटा सूरियां की रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति चेयरमैन एवं तहसील नगरोटा सूरियां की तहसीलदार शिखा ने की।
बैठक में नगरोटा सूरियां के बीएमओ डॉ. अमन दुआ ने 2023-24 और 2024-25 में खर्च किए गए बजट का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इसपर खूब हंगामा हुआ। इस पर समिति सदस्यों ने हैरानी जताई और अनावश्यक खर्चों को लेकर आपत्ति जताई। बैठक में आरकेएस बजट से बीएमओ के लिए डबल बेड खरीदने के मामले में खूब गहमागहमी हुई।
सदस्यों ने वर्ष 2023-24 में 4,55,033 रुपये और वर्ष 2024-25 में खर्च हुए 21,14,523 रुपये बजट को लेकर तीखे सवाल उठाए। इस दौरान कंप्यूटर और लैपटॉप खरीदने के लिए बिना कोटेशन जवाली की एक फर्म को एक लाख रुपये का अग्रिम भुगतान करने पर भी आपत्ति की गई। वहीं, 3,68,740 रुपये का डॉक्टर और स्टाफ के लिए फर्नीचर खरीदने पर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के बिस्तारों की हालत खस्ता है, लेकिन स्टाफ की सुविधा पर अनावश्यक रूप से पैसा खर्च कर दिया। इसके बाद बैठक में अनावश्यक खर्चों को घटा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की सुविधा के लिए एक अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदने और उसके संचालन के लिए तकनीशियन, एक पार्ट टाइम सफाई कर्मचारी नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में पर्ची काउंटर के बाहर मरीजों के लिए एक पंखे लगाने के सुझाव के साथ बजट को पारित कर दिया गया।