-पत्रकार वार्ता में राकेश पठानिया ने दिया 15 दिन का समय
-धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल पर बैठने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर (कांगड़ा)।
नूरपुर के ऐतिहासिक किला मैदान में स्थित ब्रिटिशकालीन बॉय सीनियर सेकेंडरी स्कूल को पीएम श्री मॉडल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मर्ज करने का मुद्दा एक बार फिर तूल पकड़ने लगा है। पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने सरकार को बॉय स्कूल को यथावत रखने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी भी दी है।
वीरवार को नूरपुर में पत्रकार वार्ता में राकेश पठानिया ने कहा कि स्थानीय नुमाइंदों की नालायकी के चलते इस हेरिटेज स्कूल का वजूद इतिहास के पन्नों में सिमटता नजर आ रहा है। उन्होंने स्कूल को प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधीन रहने देने और सह शिक्षा करने की मांग उठाई है।
इस दौरान उनके साथ नूरपुर व्यापार मंडल के प्रधान अश्वनी सूरी, रविन्द्र चौधरी, शमशेर सिंह, गुलवंत सिंह, सुनील शर्मा, करनैल सिंह इत्यादि मौजूद रहे। बता दें कि मामले को लेकर शहरवासियों ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। संवाद