धर्मशाला। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा स्वास्थ्य के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। कॉलेज की नेफ्रोलॉजी विभाग की टीम किडनी के सफल ऑपरेशन कर कई लोगों को नया जीवन प्रदान कर रहा है। विभाग ने अब दो और लोगों के किडनी के प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) से संबंधित ऑपरेशन किए हैं। विभाग अभी तक कुल 10 ऑपरेशन कर चुका है, जबकि 16 अन्य मरीजों के ऑपरेशन आगामी समय में होने हैं।
इनके ऑपरेशन से पूर्व की चिकित्सा प्रक्रिया चल रही है। विभाग के पास एक नाबालिग बच्चे का मामला भी आया है, जो कि किडनी रोग से पीड़ित है। संबंधित बच्चे क भी इलाज चल रहा है। अगर दवाइयों से इलाज होता है तो ऑपरेशन की जरूरत नहीं पड़ेगी। मंगलवार को जिन दो मरीजों के ऑपरेशन हुए हैं, उनमें कांगड़ा तहसील के रहने वाले 50 वर्षीय सुरेश कुमार और 52 वर्षीय जगदेव सिंह शामिल हैं। इन दोनों को इनकी पत्नियों ने अपनी किडनी दान की हैं। मेडिकल काॅलेज में विशेषज्ञों की इस टीम के कारण कई लोगों के समय और धन की बचत हो रही है। इससे पूर्व मरीजों को पीजीआई चंडीगढ़ या फिर निजी अस्पतालों में महंगे इलाज के लिए मजबूर होना पड़ता था लेकिन अब टांडा में इलाज मिलने से लोगों को काफी राहत मिल रही है। उधर, नेफ्रोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. अभिनव राणा ने कहा कि ये ऑपरेशन टांडा मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल की टीम के सहयोग से हो रहे हैं। उनका प्रयास लोगों को जिले के भीतर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाना है।