पंचरुखी (कांगड़ा)। पुलिस थाना पंचरुखी के अंतर्गत 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामदगी के मामले में पुलिस ने ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए 18 घंटे के भीतर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी पालमपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जिन्हें कुल्लू के तस्करों से मिली लीड के आधार पर ध्रमण नामक स्थान से दबोचा गया।
पुलिस की विशेष टीम ने 27 अप्रैल को एक कार से गोपाल (24) निवासी खून्न और सुरेंद्र कुमार (37) निवासी डगूट (दोनों तहसील आनी, जिला कुल्लू) को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया था। गहन पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के दौरान यह खुलासा हुआ कि चरस की यह खेप पालमपुर के तस्करों तक पहुंचाई जानी थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और कमलजीत सिंह (39) निवासी पालमपुर व संगम शर्मा (26) निवासी सिम्बल खोला को गिरफ्तार कर लिया। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने कहा कि पुलिस नशे के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे इलाके में और किन-किन लोगों को नशे की सप्लाई करने वाले थे। पुलिस गिरोह की जड़ों तक पहुंचेगी।