जवाली (कांगड़ा)। उपमंडल जवाली की मावा खड्ड के शनि मंदिर से चांदी का मुकुट और ओम चिन्ह चुराने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़ में आए हैं।
मंदिर के महंत एवं पुजारी शंकर गिरि महाराज ने पुलिस को शिकायत दी थी कि बीती सोमवार शाम शनि मंदिर से शनिदेव की प्रतिमा पर लगाया 600 ग्राम चांदी का मुकुट और इसके ऊपर 100 ग्राम चांदी का ओम चिन्ह किसी ने चुरा लिया है। मंदिर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि दो युवकों ने यह चोरी की है। आरोपियों में सुल्तान गांव लब और रोहित निवासी गांव ताहलियां शामिल हैं।
डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा का कहना है कि दोनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया जाएगा। जवाली नगर पंचायत के पार्षद एवं पूर्व प्रधान एडवोकेट तिलक राज रपोत्रा का कहना है कि उन्होंने फोन के माध्यम से इसकी सूचना पुलिस थाना जवाली को दी है। उनका कहना है कि मंदिर में किसी व्यक्ति ने रात के समय यह चोरी की है।