कंडवाल (कांगड़ा)। नूरपुर पुलिस ने वन संपदा के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कंडवाल बैरियर पर सोमवार रात 9:30 बजे 270 टिन बिरोजा से लदा ट्रक पकड़ा है। प्रत्येक टिन की क्षमता 15 लीटर है।
बिरोजा के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज पेश न करने पर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक और बिरोजा जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार पुलिस चौकी कंडवाल की टीम बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान जसूर की ओर से आ रहे ट्रक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर पीले रंग की तिरपाल के नीचे लोहे के टिन रखे मिले। जांच में इनमें बिरोजा भरा पाया गया।
चालक से बिरोजा के परिवहन संबंधी परमिट और अन्य दस्तावेज मांगे गए लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे रेंज अधिकारी और वन रक्षक की मौजूदगी में टिन को ट्रक से उतारकर गिनती की गई। कुल 270 टीन बरामद हुए।
वन विभाग के अधिकारियों ने भी सामग्री की पहचान बिरोजा के रूप में की। एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि मामले में ट्रक चालक करण मन्हास निवासी बेही पठियार, तहसील जवाली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। ट्रक भी जब्त कर लिया गया है। बिरोजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी, इसकी जांच की जा रही है।