नगरोटा सूरियां रेलवे स्टेशन से गुजरता रेल इंजन। संवाद
नूरपुर से ज्वालामुखी रोड तक रेल इंजन से किया ट्रायल
नवंबर के अंत तक जोगिंद्रनगर-पठानकोट ट्रैक पर रेल सेवा बहाल होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
बरियाल (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर नवंबर के अंत तक सभी रेलगाड़ियां शुरू होने की उम्मीद जगी है। चक्की खड्ड रेल पुल के ध्वस्त होने से पहले पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक सात रेलगाड़ियां आवाजाही करती थीं। शनिवार को नूरपुर रोड से ज्वालामुखी रोड तक रेल इंजन से ट्रायल किया गया। वहीं, कोपड़लाहड़ के पास रेल ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण बैजनाथ से कांगड़ा तक दो रेलगाड़ियां पहले से ही आवाजाही कर रही हैं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक कोपड़लाहड़ के पास क्षतिग्रस्त रेल ट्रैक का मरम्मत युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
अगले सप्ताह तक मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा और इसके बाद पठानकोट से बैजनाथ तक ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने के बाद सभी रेलगाड़ियां पूर्व की भांति बहाल कर दी जाएंगी। अगस्त 2022 में भारी वर्षा के कारण चक्की खड्ड पर बने रेलवे पुल के ध्वस्त होने के बाद नूरपुर रोड से बैजनाथ तक तीन रेलगाड़ियां आवाजाही कर रही थीं, लेकिन बरसात में जुलाई से सितंबर तक रेल सेवा सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दी जाती थी। इस वर्ष भी कोपड़लाहड़ के पास बरसात के कारण रेल ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण जुलाई से अभी तक नूरपुर रोड से कांगड़ा तक रेल सेवा बंद पड़ी हुई है, जबकि कांगड़ा से बैजनाथ तक तीन रेलगाड़ियां आवाजाही कर रही हैं। पिछले तीन वर्षाें से बंद चल रही रेल सेवा को जल्द शुरू करने की मांग कई बार उठ चुकी थी। रेलवे विभाग के प्रवक्ता विक्रांत ने बताया कि जुलाई से बंद पड़े रेल ट्रैक पर फिलहाल नूरपुर रोड से ज्वालामुखी रोड तक इंजन भेज कर ट्रायल लिया जा रहा है। कोपड़लाहड़ के पास बरसात में क्षतिग्रस्त रेल ट्रैक की मरम्मत पूरी होने के बाद पठानकोट से बैजनाथ तक रेलगाड़ी से ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने के बाद नवंबर के अंत तक सभी रेलगाड़ियां बहाल कर दी जाएंगी।