इंदौरा-गंगथ रोड के खस्ताहाल। संवाद
गंगथ। (कांगड़ा)। इंदौरा-गंगथ मुख्य सड़क की खस्ताहाली ने इन दिनों वाहन चालकों और स्थानीय राहगीरों का सफर जोखिम भरा बना दिया है। मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। सड़क के कई हिस्से इतने संकरे हैं कि आमने-सामने से आ रहे दो वाहनों को एक-दूसरे को सुरक्षित पास देने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गड्ढों से बचने की जद्दोजहद में वाहन चालक गाड़ियों को सड़क के कच्चे किनारों से गुजारने को मजबूर हैं, जिससे कई बार वाहनों के निचले हिस्से जमीन से टकराकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों कुलदीप सिंह पठानिया, विशाल, अरविंद, नरेंद्र और जीवन का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र की आवाजाही का प्रमुख साधन है। प्रतिदिन सैकड़ों वाहन यहां से गुजरते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली के कारण हर समय हादसे का अंदेशा बना रहता है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि मौके का मुआयना करवाकर गड्ढों को तुरंत भरा जाए और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजीव बंद्राल ने बताया कि सड़क की समस्या की जानकारी विभाग के संज्ञान में है। इसका जल्द ही उचित समाधान किया जाएगा।
इंदौरा-गंगथ रोड के खस्ताहाल। संवाद