लंबागांव (कांगड़ा)। सोल बनेहड़ पंचायत के 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस प्रशासन ने बुधवार को विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया है। एसआईटी ने कमान संभालते ही मामले की जांच तेज कर दी है। टीम किशोर के लापता होने से लेकर अगले दिन घर के पास बदहवास हालत में मिलने तक के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि लापता होने वाले दिन किशोर ट्यूशन सेंटर की ओर गया था। इसके बाद वह एक दुकान के बाहर कुछ देर बैठा। इसकी सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। इसके बाद वह पालमपुर से दिल्ली जा रही बस में सवार हुआ और सुजानपुर में उतरा। उसी बस में परिवार के साथ दिल्ली जा रहे एक सहपाठी ने उसे सुजानपुर में उतरते देखा था, जिसकी पुष्टि वहां की सीसीटीवी फुटेज से भी हो गई है।
सुजानपुर में बस से उतरने के बाद किशोर कहां गया और अगले दिन घर के समीप गंभीर हालत में कैसे पहुंचा, एसआईटी अब इसी बिंदु पर जांच केंद्रित कर रही है। टांडा मेडिकल कॉलेज (टीएमसी) में उपचार के दौरान दम तोड़ने से पहले किशोर द्वारा दिए गए बयानों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि एसआईटी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है। उधर, परिजनों ने सोशल मीडिया पर दो टूक कहा है कि यदि दो दिन में स्थिति स्पष्ट नहीं हुई, तो वे दोबारा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।