जयसिंहपुर (कांगड़ा)। उपमंडल जयसिंहपुर के आपदा संभावित अति संवेदनशील क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, राजस्व विभाग और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ शुक्रवार को एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर ने बैठक की। बैठक में तहसीलदार जयसिंहपुर अभिषेक भास्कर, कार्यवाहक बीडीओ और एसईबीपीओ खुशी राम सूद भी मौजूद रहे। एसडीएम ने आपदा संभावित क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर क्विक रेस्पॉन्स टीम गठित करने की बात कही।
एसडीएम ने कहा कि इस टीम में उस वार्ड से संबंधित जिला पार्षद, बीडीसी सदस्य, वार्ड पंच सहित पंचायत सचिव, कानूनगो, पटवारी पूर्व सैनिक और स्वयंसेवी शामिल होंगे। आपदा की स्थिति में यह टीम तुरंत काम शुरू करेगी, ताकि कम से कम नुकसान हो। पूरे जयसिंहपुर उपमंडल को पांच जोन में बांटा गया है, जिसमें हारसी, जयसिंहपुर, दगोह, गंदड व जालग जोन होंगे। हर जोन में किसी अधिकारी को बतौर नोडल ऑफिसर तैनात किया जाएगा और हर जोन का अपना कंट्रोल रूम होगा। आपदा की स्थिति में सारा राहत और बचाव कार्य इसी कंट्रोल रूम से अधिकारी की देख-रेख में संचालित होगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास और राजस्व विभाग दोनों आपस में तालमेल बना कर काम करेंगे।