धर्मशाला। कोविड की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए कांगड़ा में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से नेहरू युवा केंद्र के वालंटियर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आरंभ हुआ। इसमें वालंटियर्स को कोविड के साथ-साथ आपदा से निपटने के गुर भी सिखाए जाएंगे।
उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कोविड से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से चरणबद्ध तरीके से वालंटियर्स के साथ-साथ पंचायत स्तर पर गठित कोविड प्रबंधन टास्क फोर्स के सदस्यों को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ग्रामीण स्तर पर ही वालंटियर्स के कोविड प्रबंधन में प्रशिक्षित होने से काफी हद तक कोविड से निपटा जा सकता है। इससे अस्पतालों में भी मरीज सीमित संख्या में ही पहुंचेंगे और अन्य कोविड संक्रमितों के उपचार की ग्रामीण स्तर पर ही व्यवस्था की जा सकती है।
उन्होंने उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड टेस्टिंग की संख्या में बढ़ोतरी करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कोरोना संक्रमितों की संपर्क सूची की नियमित तौर पर मॉनिटरिंग करना जरूरी है। इसके लिए एसडीएम तथा खंड चिकित्सा अधिकारी अपने अपने स्तर पर कारगर कदम उठाएं।