धर्मशाला। गर्मियों में पेयजल संकट का सामना कर रहे नगर निगम धर्मशाला के तीन वार्डों—बड़ोल, रामनगर और श्यामनगर—को इस साल दिसंबर तक ट्यूबवेल से नियमित जलापूर्ति मिलने लगेगी। खनियारा के ठेहड़ में धर्मशाला स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत तीन ट्यूबवेल स्थापित किए गए हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब साढ़े सात लाख लीटर पानी प्राप्त होगा।
इन ट्यूबवेल के माध्यम से तीनों वार्डों की लगभग 20 हजार आबादी को लाभ मिलेगा। गर्मी के मौसम में इन क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति गंभीर हो जाती थी, जिससे निपटने के लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी।
अब ट्यूबवेल के सफल परीक्षण के बाद पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा।जलशक्ति विभाग को पाइपलाइन बिछाने के लिए 2.25 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि दिसंबर 2025 से पहले यह पूरी योजना अमल में लाई जाएगी। जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता पंकज चौधरी ने बताया कि ठेहड़ में स्थापित तीन ट्यूबवेल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत लगाए गए हैं और इससे तीनों वार्डों को स्थायी पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।