धर्मशाला। जिला कांगड़ा में कोरोना महामारी का कहर लगातार जारी है। बीड़ स्थित साक्या लंबस सोसायटी के 21 सदस्यों सहित 396 कोरोना के नए मामले आए हैं। वहीं जिले में लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमित तीन लोग कोरोना की जंग में हार गए। इसके अतिरिक्त 141 लोगों ने कोरोना को मात दी है।
सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचाराधीन खनियारा के 88 वर्षीय बुजुर्ग, छत्तर फतेहपुर के 78 वर्षीय बुजुर्ग और काली डलहौजी के 71 वर्षीय बुजुर्ग की संक्रमण से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को टांडा मेडिकल कॉलेज से कोरोना के 10 नए मामले सामने आए हैं।
इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन धर्मशाला में एक, सीआईडी यूनिट धर्मशाला में दो, एसएसबी सपड़ी के तीन, पुलिस थाना भवारना के चार, पीटीसी डरोह के छह, बेस्ट बंगाल का एक, योल कैंट के तीन, सीएचसी बड़ोह का एक, विभिन्न तिब्बतियन संस्थानों के एक दर्जन से अधिक मामले, पपरोला आयुर्वेदिक अस्पताल के दो, बीएसएफ भोई के तीन जवान, डिब्बर लपियाना के छह, चौला टऊ के छह, पुलिस थाना पालमपुर के एक, सीएच डाडासीबा के चार, पुलिस थाना बैजनाथ का एक, पुलिस चौकी कोटला का एक और धर्मशाला के चार फ्रंट लाइन कर्मी भी संक्रमित पाए गए हैं।
जिले में अब तक 57,774 मामले सामने आ चुके हैं, 53,928 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या 2,648 हैं। 1,193 मरीजों की मौत हो चुकी है।