राख में प्रतियोगिता के शुभारंभ पर विधायक आशीष बुटेल को सम्मानित करते आयोजक। -स्रोत ः जागरूक पाठ
पालमपुर (कांगड़ा)। विधायक आशीष बुटेल ने राख में बलिदानी राइफल मैन रमेश कुमार के नाम पर आयोजित तीन दिवसीय वॉलीबाल और कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। यह टूर्नामेंट शिव भूमि क्लब की ओर से राख होली मेला ग्राउंड में आयोजित किया गया, जिसमें 16 टीमें भाग ले रही हैं।
बुटेल ने कहा कि खेलों का शारीरिक और मानसिक विकास में विशेष महत्व है और युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। आयोजन समिति की मांग पर उन्होंने खेल मैदान के लिए 13 लाख और जिम के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिसका काम जल्द शुरू होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि नाबार्ड के तहत 13.80 करोड़ रुपये से बनाई जाने वाली घमरोता, बलानन, गढ़ और अरडी सड़क का काम भी जल्द ही शुरू हो जाएगा। बुटेल ने खिलाड़ियों से कहा कि गांवों से निकलने वाले खिलाड़ी खेलों में देश का नाम रोशन करते हैं, लेकिन इसके लिए हर खेल को लगन और मेहनत से खेलना आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रधान अनुज, रिंकू, रानी, मदन कपूर, दिलबाग, ख्याली राम, अंकू, विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।