धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट धर्मशाला में आगामी आईपीएल मैचों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कांगड़ा पुलिस पूरी तरह से तैयार हो गई है। इस बार सुरक्षा व्यवस्था में कुछ अतिरिक्त बदलाव हो सकते हैं, क्योंकि मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी और खिलाड़ियों के मैक्लोडगंज स्थित एक निजी होटल में ठहरने की संभावना है। इसके चलते, पुलिस को मैक्लोडगंज से स्टेडियम तक एक अतिरिक्त सेक्टर बनाने की योजना पर काम करना होगा।
4, 8 और 11 मई को धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मैचों में पंजाब किंग्स, लखनऊ, दिल्ली और मुंबई की टीमें हिस्सा लेंगी। इन मैचों के दौरान कांगड़ा पुलिस पहले की तरह ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सख्त बनाए रखेगी। खासकर 11 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मैच में वीवीआईपी मूवमेंट की वजह से सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को और कड़ा किया जाएगा। अगर नीता अंबानी और उनका परिवार मैक्लोडगंज में ठहरता है तो उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस को अलग से प्लान तैयार करना होगा। इस दौरान शहर में कांगड़ा की ओर से आने वाले वाहनों को वाया शीला से धर्मशाला लाया जाएगा, जबकि धर्मशाला से कांगड़ा की ओर जाने वाले वाहनों को वाया सकोह होते हुए भेजा जाएगा।
सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की योजना बनाई जाएगी। वीवीआईपी मूवमेंट बढ़ने के चलते सेक्टरों की संख्या में बढ़ोतरी की जा सकती है। सभी तैयारियां जल्द ही पूरी कर ली जाएंगी।
शालिनी अग्निहोत्री, एसपी कांगड़ा