ज्वालामुखी(कांगड़ा)। ज्वालामुखी में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी मामले में आरोपी जतिन हंस उर्फ जट्टू निवासी होशियारपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है। डीएसपी ज्वालामुखी आरपी जसवाल ने बताया कि यह कार्रवाई पहली अप्रैल को जसवंत सिंह निवासी दरंग से बरामद 6.30 ग्राम चिट्टा मामले के तहत की गई है। जसवंत की गिरफ्तारी के बाद से ही मुख्य आरोपी जतिन हंस भाग गया था, जिस पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई थी। आखिरकार पुलिस की टीम ने उसे धर दबोचा।
फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी के नेटवर्क और संभावित संपर्कों की भी गहनता से जांच की जा रही है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।