नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में बुधवार रात पंचायत बासा में वृद्ध महिला के घर से चोर जेवर और नकदी उड़ाकर ले गए। इनमें 30 हजार की नकदी और करीब एक लाख दस हजार रुपये के जेवरात शामिल हैं।
डीएसपी जवाली सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि नीलम देवी के घर से चोरी हुई है। नीलम देवी अकेली रहती हैं। उसके दो बेटे हैं, जिसमें से बड़ा बेटा सेना में है और उसका परिवार भी उसके साथ रहता है। वहीं छोटा बेटा राजस्थान में नौकरी करता है। पुलिस के अनुसार रात को नीलम देवी खाना खाकर सो गई।
इसके बाद चोर रसोई घर का दरवाजा तोड़कर सर्विस विंडो से निकलकर कमरे में घुसे और कमरे में बेड और अलमारी को तोड़ नकदी और गहने उड़ा दिए। पुलिस ने आईपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है।