स्वास्थ्य केंद्र बरोट में डॉक्टर नहीं, मरीज परेशान
40 हजार की आबादी को नहीं मिल रहीं सेवाएं
मुल्थान (कांगड़ा)। चौहार घाटी और छोटा भंगाल की 40 हजार की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। स्वास्थ्य केंद्र बरोट में पिछले 25 दिन से चिकित्सक नहीं है। इसके कारण केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं।
स्वास्थ्य केंद्र में सुधार, टिकन, स्वाड, लोहारड़ी आदि क्षेत्रों के लोग स्वास्थ्य लाभ लेने पहुंचते हैं। लपास पंचायत के प्रधान रमेश, बरधान पंचायत के अनिल, सीता राम, बीरी सिंह, लछमन, भजन सिंह आदि ने बताया कि सीएचसी में रोजाना 120 से 150 के करीब ओपीडी रहती है लेकिन चिकित्सक न होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन चल रहा है, जिसके चलते कई बार पर्यटक भी दवाई लेने के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं। उन्हें भी स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। लोगों को मजबूरन स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए 70 किमी दूर जोगिंद्रनगर जाना पड़ता है। लोगों ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, सीएमओ और बीएमओ से तुरंत समस्या का हल करने की मांग की है। बीएमओ संजय गुप्ता ने बताया कि चिकित्सकों की समस्या के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया है।