टांडा में एक्स-रे करवाने के लिए लगी लाइनें। (संवाद)
- फोटो : स्रोत पार्टी
टांडा (कांगड़ा)। टांडा मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी विभाग में तकनीकी गड़बड़ी के कारण पिछले दो दिनों से एक एक्स-रे मशीन खराब पड़ी है। इससे रोगियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
टांडा में रोजाना औसतन 800 एक्सरे होते हैं, मशीन खराब होने के कारण रोगी और तीमारदारों को एक्स रे करवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे के लिए दो मशीनें उपलब्ध हैं, लेकिन एक के खराब होने के बाद दूसरी मशीन पर दबाव बढ़ गया है। इस कारण न केवल मरीजों का धैर्य जवाब दे रहा है, बल्कि सुरक्षा कर्मियों को अनुशासन बनाए रखने में भी कठिनाई हो रही है। तीन दिनों से मरीजों को इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, और खासकर बुजुर्ग मरीजों को विशेष तौर पर दिक्कत हो रही है।
शनिवार को तकनीशियन मशीन को ठीक करने पहुंचे, लेकिन शाम तक भी मशीन को ठीक नहीं किया जा सका। इस समस्या से कांगड़ा और अन्य जिलों के मरीजों को भी काफ़ी दिक्कत हो रही है। प्रदेश के पांच जिलों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले इस मेडिकल कॉलेज में ऐसी व्यवस्थाओं पर मरीजों में भारी रोष है।
उधर, मेडिकल कॉलेज टांडा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक बन्याल ने कहा कि एक्स-रे मशीन को जल्द ठीक करवा लिया जाएगा, ताकि मरीजों को किसी और परेशानी का सामना न करना पड़े। संवाद