दाड़ी में 9 अप्रैल को छोटी और 10 को करवाई जाएगी बड़ी माली, 11 को होंगे विशेष मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला (कांगड़ा)। जिला मुख्यालय धर्मशाला के दाड़ी मैदान में धुम्मूशाह मेले में दंगल के विजेता को एक लाख रुपये का इनाम मिलेगा। जिला खेल अधिकारी रवि शंकर की अध्यक्षता में छिंज समिति ने छिंज मेले के लिए आधिकारिक तौर पर पुरस्कार संरचना को मंजूरी दी है। 9 अप्रैल को छोटी और 10 अप्रैल को बड़ी माली और 11 अप्रैल को विशेष माली का आयोजन किया जाएगा।
देश के नामी पहलवान जनता के लिए अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे, लेकिन मुख्य खिताब की दौड़ में शामिल नहीं होंगे। पुरुष वर्ग में उपविजेता को 75 हजार रुपये दिए जाएंगे। महिला वर्ग में विजेता पहलवान को 75 हजार और उपविजेता को 50 हजार प्रदान किए जाएंगे।
हिमाचल कुमार में विजेता को 31 हजार, उपविजेता को 21 हजार और तीसरे स्थान वाले को 11 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। लड़कियाें में पहले स्थान पर रहने वाली को 10 हजार, दूसरे स्थान वाली को सात हजार और तीसरा स्थान हासिल करने वाली को पांच हजार से सम्मानित किया जाएगा।
सजने लगीं दुकानें
दाड़ी में आयोजित होने वाले मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैदान के प्रवेश द्वार के बाहर अन्य क्षेत्रों से आए छोटे कारोबारियों ने अपनी-अपनी दुकानों को सजाना शुरू कर दिया है।
इस बार प्रशासन की ओर से छिंज के आयोजन में भी बदलाव किया है। देश के नामी पहलवान लोगों का मनोरंजन करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर नामी पहलवानों का मकसद लोगों को छिंज का असली मनोरंजन करवाना है। इसके साथ ही इस बार पहलवानों की इनामी राशि को घटाने का उद्देश्य अधिकतर प्रतिभागियों को लाभ देना है। - मोहित रतन, एसडीएम व मेला अधिकारी, धर्मशाला