फतेहपुर (कांगड़ा)। ऊपरी इलाकों में हो रही लगातार बारिश से पौंग बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। बीते 11 दिनों के भीतर बांध के जलस्तर में 12 फीट से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से लगभग 56 फीट नीचे है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
आंकड़ों के मुताबिक 18 जुलाई को पौंग बांध का जलस्तर 1321 फीट था, जो 29 जुलाई सुबह 6 बजे बढ़कर 1333.87 फीट पहुंच गया। इस प्रकार महज 11 दिनों में जलस्तर में 12.87 फीट का इजाफा हुआ है। वर्तमान में ब्यास और अन्य सहायक नदियों से बांध में 61,210 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 10,913 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांध का अधिकतम खतरा स्तर 1390 फीट है।
पिछले वर्ष मंड क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ को ध्यान में रखते हुए फतेहपुर और इंदौरा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।
उधर, बीबीएमबी तलवाड़ी के मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता ने कहा कि बांध पूरी तरह सुरक्षित स्थिति में है। जलस्तर और पानी की आवक पर चौबीस घंटे निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर ही सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा।