लंबागांव (कांगड़ा)। क्षेत्र में दुधारू पशुओं में फैली अज्ञात बीमारी को लेकर कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर से वीरवार को पशु विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने प्रभावित गांवों में जाकर बीमार पशुओं की जांच की। पशुपालन विभाग के सहायक निदेशक डाॅ. अनीश कुमार के नेतृत्व में पहुंची इस पांच सदस्यीय विशेषज्ञ टीम में डाॅ. अंकुर शर्मा, डाॅ. दिव्याना शर्मा, डाॅ. मोनिका भारद्वाज और डाॅ. सोनाली मिश्रा शामिल रहीं। टीम ने क्षेत्र के चोहला, तरेहला, हरडोण, भाटी, हार, जगनी जाड़, सोल वनेहड़ और पडेहड़ गांवों में जाकर बीमार पशुओं के नमूने लिए। इनको विस्तृत जांच के लिए पालमपुर ले जाया गया है। विशेषज्ञों ने न केवल पशुओं की स्वास्थ्य स्थिति का अवलोकन किया, बल्कि मौके पर मौजूद पशुपालकों को बीमारी के लक्षण, बचाव और सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया। इलाके में इस अज्ञात बीमारी के चलते अब तक क्षेत्र में चार गायों, एक भेड़ और एक बकरी की मौत हो चुकी है, जबकि भैंसों और भेड़ों सहित आठ पशु अभी भी इसकी चपेट में बताए जा रहे हैं।
पालमपुर से विशेषज्ञ टीम के पहुंचने के बाद क्षेत्र के पशुपालकों ने राहत की सांस ली है। उम्मीद जताई है कि जल्द बीमारी के कारणों का पता लगाकर प्रभावी उपचार शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर लंबागांव पशुपालन विभाग के चिकित्सक डाॅ. मुकेश ठाकुर, एएचए अनिल कटोच, दिनेश कटोच और विनय शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।