सुभाष नगर में शेड का लोकार्पण करते हुए मंत्री यादविंद्र गोमाफोटो स्त्रोत : एपीआरओ
जालग (कांगड़ा)। आयुष, युवा सेवाएं, खेल एवं कानून मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के हर गांव की विकास संबंधी जरूरतों और जन अपेक्षाओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। वीरवार को ग्राम पंचायत द्रमण के सुभाष नगर स्थित शिव मंदिर परिसर में 8.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण करते हुए उन्होंने यह बात कही। शेड बनने से लोगों को धूप और बारिश में समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग पर शेड निर्माण के लिए राशि उपलब्ध करवाई गई थी। कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया गया है। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। आशापुरी-मल्ली सड़क की टारिंग के लिए राशि जारी कर दी गई है और जल्द ही कार्य शुरू होगा। इस अवसर पर मंत्री ने हाल ही में निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य ओपी धीमान, अभिषेक सूद, नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान राकेश कुमार, उपप्रधान नरेश कुमार, मंदिर समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।