6.30 क्षमता का एमवीए सबस्टेशन बनेगा, बिजली बोर्ड 8.90 करोड़ रुपये करेगा खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। नूरपुर क्षेत्र के गनोड़ पंजाड़ा में जल्द ही बिजली व्यवस्था मजबूत होने जा रही है। क्षेत्र में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या को दूर करने के लिए बिजली बोर्ड की ओर से 6.30 एमवीए क्षमता के नए विद्युत सबस्टेशन का निर्माण किया जा रहा है।
बिजली बोर्ड ने इस परियोजना के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर करीब 8.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग के अनुसार सबस्टेशन बनने के बाद नूरपुर और आसपास के कई गांवों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती आबादी और बिजली की मांग के कारण लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। गर्मियों के मौसम में लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। नए सबस्टेशन के निर्माण से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।
उधर, विद्युत बोर्ड के उत्तर क्षेत्र संचालन के मुख्य अभियंता अजय गौतम ने बताया कि परियोजना का कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। सबस्टेशन तैयार होने के बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और ओवरलोड की समस्या से भी राहत मिलेगी।