संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते प्रसिद्ध ऐतिहासिक इंद्रूनाग मंदिर खनियारा के पास सौकणी द कोट में स्थित उनकी बड़ी बहन कोटासनी मंदिर में 21वां भव्य जागरण और भंडारे का आयोजन किया गया। चिन्मय नवदुर्गा युवक मंडल सौकणी द कोट खनियारा धर्मशाला की ओर से 21 वर्षों से भव्य जागरण व भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
21वें वर्ष में विशेष रूप से चिन्मय ग्रामीण विकास संगठन कॉर्ड की राष्ट्रीय निदेशक पद्मश्री डा. क्षमा मैत्रे ने शिरकत की। शिवानी म्यूजिकल ग्रुप मैंझा पालमपुर की गायक शिवानी ने माता की विभिन्न भेंटों से खूब समां बांधा। इस दौरान सभी भक्त माता की भेंटों पर खूब झूमे। जागरण से पहले कोटासनी माता मंदिर से इंद्रूनाग मंदिर खनियारा तक झंडा रस्म यात्रा भी निकाली गई। इंद्रूनाग देवता को भी जागरण का निमंत्रण दिया गया।
इस दौरान जागरण में इंद्रूनाग देवता के गूर सुरेश कुमार, मंदिर के पुजारी विपन, विक्की व इंद्रूनाग कमेटी के पदाधिकारी नीरज कुमार, कॉर्ड चिन्मय से प्रोजेक्ट मैनेजर नरेंद्र पॉल सहित ग्रामीण क्षेत्रों में युवक व महिला मंडलों की प्रक्रिया पर शोध कर रहे देशभर के शोधार्थी छात्र भी मौजूद रहे।