-भाजपा नेता कमल शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
-कहा- रेहलू मार्ग और बंदला पुल के पास अंडरपास बनने तक जारी रहे क्रॉसिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर (कांगड़ा)। पठानकोट-मंडी फोरलेन निर्माण के चलते शाहपुर की जनता की परेशानियां बढ़ने लगी हैं। निर्माण की वजह से आवाजाही में आ रही दिक्कतों को लेकर भाजपा नेता कमल शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सांसद अनुराग ठाकुर से मुलाकात की और मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने शाहपुर डाकघर के पास स्थित महत्वपूर्ण क्रॉसिंग को बंद किए जाने की योजना पर चिंता जताई। यह क्रॉसिंग शहर के व्यापारियों और आसपास के कई गांवों जैसे बोह, दरिणी, सली, करेरी, भनाला और रेहलू के लिए मुख्य मार्ग है। ज्ञापन में बताया गया कि यहां से रोजाना 2000 से अधिक लोग गुजरते हैं। लोगों की मांग है कि जब तक रेहलू मार्ग और बंदला पुल के पास वैकल्पिक अंडरपास नहीं बन जाते तब तक इस क्रॉसिंग को बंद न किया जाए।
लोगों का आरोप है कि एनएचएआई के अधिकारियों ने पहले क्रॉसिंग चालू रखने का आश्वासन दिया था लेकिन अब इसे एकतरफा तरीके से बंद करने की कोशिश हो रही है। इसके अलावा, काम पूरा होने तक वहां ट्रैफिक लाइट और सुरक्षा संकेतक लगाने की भी मांग की गई है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने अधिकारियों से बात कर समाधान निकालने का भरोसा दिया है। हालांकि, कमल शर्मा और व्यापार मंडल के सदस्यों ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। इस मामले की प्रतियां मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उपायुक्त को भी उचित कार्रवाई के लिए भेज दी हैं।