धर्मशाला। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में आने वाले मरीजों ने अस्पताल की सरकारी डिस्पेंसरी के समय को लेकर कड़ा रोष व्यक्त किया है। मरीजों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निशुल्क दवा केंद्र (डिस्पेंसरी) को शाम 4 बजे बंद करने के बजाय कम से कम 5 या 6 बजे तक खोला जाए, ताकि मरीजों को बाहर से महंगी दवाइयां न खरीदनी पड़ें।
मरीजों का तर्क है कि सुबह डॉक्टर को दिखाने के बाद टेस्ट की रिपोर्ट दोपहर 3 बजे के बाद मिलती है। रिपोर्ट लेकर जब तक मरीज दोबारा डॉक्टर से परामर्श कर दवाई लेने डिस्पेंसरी पहुंचता है, तब तक 4 बज चुके होते हैं और डिस्पेंसरी बंद हो जाती है। इस कारण गरीब मरीजों को मजबूरन निजी मेडिकल स्टोरों से ऊंचे दामों पर दवाएं लेनी पड़ रही हैं।
प्रवीण, अजय, काजल, शिवानी, राहुल और ज्योति सहित अन्य लोगों ने समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक करने की गुहार लगाई है।
उधर, धर्मशाला अस्पताल की एमएस डॉ. अनुराधा शर्मा ने स्पष्ट किया कि सरकारी डिस्पेंसरी के संचालन का समय सरकार द्वारा निर्धारित किया जाता है। इसमें अस्पताल प्रशासन के स्तर पर बदलाव का प्रावधान नहीं है।