ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी मंदिर में रविवार को वीआईपी मूवमेंट के तहत पांच गाड़ियों को सीधे मंदिर मार्ग तक प्रवेश दे दिया गया। इस पर दुकानदारों और श्रद्धालुओं में रोष है। इस विशेष सुविधा से जहां श्रद्धालु फंसे रहे, वहीं स्थानीय दुकानदार भी परेशान दिखे। आमतौर पर जहां मंदिर मार्ग पर एक या दो गाड़ियों को ही अनुमति दी जाती है, वहां रविवार को एक साथ पांच गाड़ियां प्रवेश कर गईं। पुराना बाजार में डिपार्टमेंट स्टोर चलाने वाले सुमित शर्मा ने कहा कि जब हम दुकान के लिए माल लाते हैं, तब हमें परमिशन, समय और नियमों की लंबी लिस्ट पकड़ाई जाती है।
अब देखिए, बिना रोक-टोक पांच गाड़ियां अंदर चली गईं। मंदिर दर्शन को आए कई श्रद्धालुओं ने भी इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तीर्थस्थल की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुविधा से ज्यादा प्राथमिकता अगर वीआईपी मेहमानों को दी जाएगी, तो यह भक्तों की आस्था से खिलवाड़ है। उधर, एसडीएम संजीव कुमार ने कहा कि मार्ग अभी खुला है लेकिन आगे से निर्देश जारी कर दिए जाएंगे कि एक साथ इतनी गाड़ियां न भेजी जाएं। वीआईपी मूवमेंट के चलते व्यवस्था बनाई गई थी, पर अब सुनिश्चित करेंगे कि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।