धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड ने पर्यटन नगरी धर्मशाला में बिजली की समस्या को दूर करने के लिए कवायद शुरू कर दी है। शाहपुर के गज पावर हाउस से धर्मशाला के कालापुल सब स्टेशन को जोड़ने वाली बिजली लाइन की लोड क्षमता बढ़ाने के लिए एक बड़ी परियोजना पर काम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत करीब 36 नए खंभे लगाए जाएंगे और 5.5 किलोमीटर लंबी नई केबल बिछाई जाएगी। इससे कालापुल सब स्टेशन 33 केवी लाइन की लोड क्षमता 14 मेगावॉल्ट अंपेयर (एमवीए) से बढ़कर 22 एमवीए हो जाएगी। वर्तमान में जहां इस लाइन में कंडक्टर 6-1-4.72 थे, वे अब 30-7-2.59 हो जाएंगे। इससे बिजली लोड बढ़ जाएगा। इसका सीधा लाभ नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर तीन से लेकर वार्ड नंबर आठ तक और सुधेड़ पंचायत के निवासियों को मिलेगा।
खासकर धर्मशाला के होटल और रेस्तरां संचालकों के लिए यह सुधार बेहद फायदेमंद साबित होगा, क्योंकि इन क्षेत्रों में बिजली की खपत काफी ज्यादा होती है।
समस्याओं का समाधान, सर्दी में राहत-
धर्मशाला के बिजली आपूर्ति तंत्र में सुधार की यह पहल काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि वर्तमान में शहर की बिजली आपूर्ति कांगड़ा के घुरकड़ी 132 केवीए सब स्टेशन से गज सब स्टेशन और फिर गज से कालापुल तक की जाती है। हालांकि, सिद्धपुर सब स्टेशन के तहत बिजली की खपत अधिक होने के कारण धर्मशाला का लोड पूरी तरह से नहीं संभल पाता, जिससे सर्दी में बिजली के ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं आम हो जाती हैं। नए सुधार के साथ, अब इन समस्याओं का समाधान होना संभव होगा। यह परियोजना पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत पूरी की जा रही है, जो भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है।
दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य
हालांकि इस प्रोजेक्ट के लिए बजट की कोई कमी नहीं है, लेकिन 33 केवीए लाइन के लिए बड़े शटडाउन की आवश्यकता है, जो पर्यटन सीजन के दौरान चुनौतीपूर्ण हो सकता है। फिर भी, बिजली बोर्ड ने इस योजना को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है, जिससे धर्मशाला के लोग और पर्यटक इस सर्दी में बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ उठा सकें।
आरडीएसएस के तहत शहर के कालापुल सब स्टेशन 33 केवी लाइन की लोड क्षमता को बढ़ाने की योजना पर काम चल रहा है। इससे शहर के उपभोक्ताओं को काफी लाभ होगा। इस साल दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
-विकास ठाकुर, वरिष्ठ अधिशासी अभियंता, बिजली बोर्ड धर्मशाला