डरोह (कांगड़ा)। पुलिस थाना भवारना के अंतर्गत गढ़ स्थित मलकेहड़ बस स्टैंड के पास वीरवार दोपहर को एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। एक निजी बस के ड्राइवर को चलती बस में चक्कर आने से बस अनियंत्रित होकर एक के बाद एक दूसरे वाहनों से टकरा गई।
गनीमत यह रही कि किसी सवारी या बाहर सड़क के किनारे चल रहे किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। हालांकि, कुछ वाहनों को नुकसान जरूर हुआ है।वीरवार दोपहर को मलकेहड़ के बस स्टैंड के पास उस समय अफरा-तफरी का माहौल बना गया, जब एक निजी बस के ड्राइवर को चलती बस में अचानक चक्कर आ गया। बस चालक के नाक व मुंह से खून आने लगा और ड्राइवर बस पर अपना नियंत्रण खो बैठा।
हालांकि, बस में सवारियों की संख्या कम थी। लोगों के अनुसार बस को चला रहा चालक वीरवार को पहले ही दिन ड्यूटी पर आया था। उसके साथ ही पुराना बस ड्राइवर भी उसी बस में बैठा हुआ था, जिसने तुरंत ब्रेक लगाकर बस को आगे लुढ़कने से बचा लिया अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
वहीं, बस चला रहे ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी प्राइवेट क्लीनिक में ले जाया गया। जहां से उसे पालमपुर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, जिन निजी वाहनों को नुकसान पहुंचा है, उनका आपस में समझौता हो गया है। पुलिस में किसी प्रकार का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।