संवाद न्यूज एजेंसी
बैजनाथ (कांगड़ा)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय है। यह बात रविवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव रविता भारद्वाज ने कही।
उन्होंने कहा कि यह कानून देश की आधी आबादी को केवल सम्मान ही नहीं वास्तविक राजनीतिक शक्ति भी प्रदान करने वाला है। यह सांविधानिक संशोधन लोकसभा, विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करता है।दशकों तक महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस केवल वादों तक सीमित रही। पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी लगभग आधी है लेकिन संसद और विधानसभाओं में उनका प्रतिनिधित्व अब भी अपेक्षाकृत कम है। इस असंतुलन को दूर करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक निर्णायक कदम है।।