रक्कड़ (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र जसवां-परागपुर की तहसील रक्कड़ में मौजूदा समय में तहसीलदार छुट्टी पर और नायब तहसीलदार का पद खाली हैं। इस से राजस्व और अन्य कार्यों के लिए 14 पटवार वृत्तों के आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नायब तहसीलदार का पद करीब पांच महीने से खाली पड़ा है जबकि तहसीलदार अनुजा शर्मा 10 दिन के अवकाश पर हैं। हालांकि प्रदेश सरकार की ओर से हरिपुर तहसील में कार्यरत नायब तहसीलदार को रक्कड़ तहसील का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है परंतु वह हरिपुर तहसील में कार्य की अधिकता होने की वजह से हफ्ते में पूरे छह दिन समय नहीं दे पाते। आम जनता को हिमाचली बोनाफाइड, आय प्रमाण पत्र, रजिस्ट्री और इंतकाल संबंधी कार्यों में दिक्कतें पेश आ रही हैं। अलोह, सलेटी, सरड़-डोगरी, शान्तला, पीरसलूही व पूनणी पंचायतों से यहां पहुंचने वाले लोगों ने बताया कि वह 15 से 20 किलोमीटर का सफर तयकर तहसील कार्यालय रक्कड़ में अपने कार्य करवाने के लिए पहुंचते हैं, पर यहां किसी अधिकारी के न होने से उन्हें निराश ही लौटना पड़ता है।
अगर समय रहते सरकार ने रक्कड़ में चल रहे खाली पदों को नियमित नही भरा तो लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। सैकड़ों लोग रोजाना कार्य करवाने आते हैं, परंतु आगे तहसीलदार व नायब तहसीलदार नहीं मिलने पर उनको मायूस ही लौटना पड़ता है। तहसील कार्यालय में कई पद खाली पड़े है, जिन्हें भी अतिशीघ्र भरा जाए।
- नरेश ठाकुर, अधिवक्ता
रक्कड़ तहसील में 14 पटवार सर्किल हैं, जिसमें रोजाना लोग शांतला, पुन्नी, अलौह से 15-20 किलोमीटर की दूरी तय करके आते हैं और काम न होने पर मायूस होकर जाना पड़ता है, जिससे समय के साथ पैसे की भी बर्बादी हो रही है। इस पर सरकार को कड़ा सज्ञान लेकर खाली पदों को भरना चाहिए।
-रमन शर्मा, अध्यक्ष, भाजयुमो संगठनात्मक जिला देहरा।
रक्कड़ तहसील में तहसीलदार छुट्टी पर और नायब तहसीलदार का पद कई माह से खाली होने के चले जनता परेशान होना पड़ रहा है। कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो रही है जिसके के लिए बच्चों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों की जरूरत होती है। बच्चे पहले ही अपने दस्तावेज संबंधी कार्य करवा हैं। तहसील कार्यालय में तहसीलदार और नायब तहसीलदार न होने से बच्चों को मायूस ही लौटना पड़ रहा है।
-अश्विनी ठाकुर, जिला परिषद सदस्य।
रक्कड़ में तहसीलदार छुट्टी पर ओर नायब तहसीलदार का पद कुछ माह से खाली पड़ा है। जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल्द ही कांग्रेस नेता व कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया से मिलकर मुख्यमंत्री से खाली चल रहे पदों को भरने की बात की जाएगी।
-नरेश कुमार, पूर्व उपप्रधान।
रक्कड़ तहसील में रिक्त पदों के बारे में विभाग को सूचित कर दिया गया है और अतिरिक्त प्रभार तहसील हरिपुर के नायब तहसीलदार को दिया गया है।
-कुलवंत सिंह पाटन, एसडीएम देहरा