धर्मशाला। जिला कांगड़ा के विभिन्न स्कूलों में तैनात प्रवक्ताओं (लेक्चरर) के लिए चिल्ड्रन विद स्पेशल नीड विषय पर डाइट धर्मशाला में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। डिप्टी डायरेक्टर क्वालिटी कंट्रोल एवं डीपीओ भाग सिंह के दिशा-निर्देश में आयोजित इस प्रोग्राम के पहले चरण में 12 ब्लॉक के 60 शिक्षकों ने भाग लिया।
जिला प्रोग्राम को-आर्डिनेटर अंजू शर्मा द्वारा संचालित इस ट्रेनिंग में शिक्षकों को विशेष बच्चों की स्क्रीनिंग और उनकी विस्तृत जानकारी एप पर अपलोड करने का प्रशिक्षण दिया गया। डीपीओ भाग सिंह ने बताया कि शिक्षकों को यह भी सिखाया जा रहा है कि यदि किसी बच्चे में दिव्यांगता या अन्य समस्या दिखती है तो उसका मेडिकल चेकअप कैसे कराएं। साथ ही मेडिकल बोर्ड से विशेष सर्टिफिकेट बनाने की प्रक्रिया क्या है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का प्रथम चरण शनिवार को संपन्न हो गया, जबकि दूसरे चरण की ट्रेनिंग सोमवार से शुरू होगी जिसमें शेष 11 ब्लॉकों के 55 शिक्षक शामिल होंगे। इसके साथ ही प्राइमरी विंग के शिक्षकों के लिए ब्लॉक स्तर पर अलग से ट्रेनिंग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।