ज्वालामुखी (कांगड़ा)। भारतीय सेना की आर्मी एजुकेशन कोर (एईसी) के पूर्व सैनिकों का छठा दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ज्वालामुखी में शुरू हुआ। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में एईसी वेटरन्स भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसमें सूबेदार मेजर अरुण कुमार सिंह और कैप्टन उमेश कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने सैन्य शिक्षा कोर के इतिहास पर प्रकाश डाला।
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाना और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना है। पहले दिन आयोजित सत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, युवाओं का नैतिक व नेतृत्व विकास तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सैन्य अनुशासन और शिक्षण पद्धतियों का उपयोग समाज की बेहतरी के लिए किया जा सकता है। यह सम्मेलन न केवल पूर्व सैनिकों का एक पुनर्मिलन है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सशक्त पहल भी है।