रिटर्निंग अधिकारी बाले- चुनाव की गतिविधियों पर रखी जा रही है कड़ी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा निर्वाचन क्षेत्र में विधानसभा उपचुनाव के दृष्टिगत हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि शनिवार को देहरा के कनोल में स्टेटिक सर्वेलांस टीम ने एक गाड़ी से 2 लाख 18 हजार रुपये कैश पकड़ा है।
उन्होंने बताया कि डॉ. नवीन कुमार और एएसआई राकेश कुमार की टीम ने कनोल नाके में इस कैश को पकड़ा। कनोल चेक पोस्ट पर निगरानी दल ने पकड़े गए कैश को जब्त कर लिया है। गाड़ी वाले के पास नकद का कोई वैध दस्तावेज नहीं था और मामले में आगे तफ्तीश जारी है। देहरा निर्वाचन क्षत्र में उपचुनाव को देखते हुए विभिन्न निगरानी दल नाके लगाकर गाड़ियों की नियमित जांच कर रहे हैं। क्षेत्र में तैनात विभिन्न उड़न दस्ते, स्टेटिक निगरानी दल और पुलिस टीमें हर संदिग्ध गतिविधि पर अपनी पैनी नजर रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि देहरा में विधानसभा उपचुनावों के लिए दो सेक्टर मजिस्ट्रेट, 10 सेक्टर ऑफिसर, एक सहायक व्यय पर्यवेक्षक, एक अकांउटिंग टीम, 6 फ्लाइंग स्क्वायड टीमें, 6 स्टेटिक निगरानी दल, दो वीडियो सर्विलांस टीम और एक वीडियो व्यूइंग टीम तैनात की गई हैं।