नेपाल में आयोजित अंडर-19 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने वाली भारतीय टीम में बेहतर प्रदर्शन कर
नेपाल में वाॅलीबाल प्रतियोगिता में लहराया परचम
संवाद न्यूज एजेंसी
सुलयाली/नूरपुर (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र नूरपुर की पंचायत सुलयाली के दो युवा खिलाड़ियों ध्रुव और स्वास्तिक ने भारतीय शौकिया खेल महासंघ के बैनर तले हाल ही में नेपाल में आयोजित अंडर-19 वाॅलीबाल प्रतियोगिता में भाग लिया। इसमें भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इस जीत में दोनों खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा। इसके लिए उन्हें गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। टीम का नेतृत्व ध्रुव ने किया।
दोनों खिलाड़ी गांव के डिब्केशवर महादेव स्पोर्ट्स क्लब के अंतर्गत स्थानीय मैदान में ही नियमित अभ्यास करते रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सफर तय किया। जीत के बाद जब दोनों खिलाड़ी गांव लौटे तो पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ध्रुव ने बताया कि भारतीय अंडर-19 टीम ने नेपाल में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लिया। इसमें कुल चार टीमें शामिल थीं, जिसमें भारतीय टीम विजेता रही। आगे भी देश के लिए और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का लक्ष्य है। स्वास्तिक ने कहा कि छोटे गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता जीतना उनके लिए गर्व का क्षण है और वे भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार मेहनत करते रहेंगे।