टांडा/पालमपुर(कांगड़ा)। जमा दो परीक्षा में अनुत्तीर्ण होने पर जहरीले पदार्थ का सेवन करने वाली छात्रा की हालत स्थिर बनी है। छात्रा का टांडा अस्पताल के आईसीयू में उपचार चल रहा है। छात्रा की किडनियां खराब होने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। इसे लेकर नेफ्रोलॉजी विभाग के ओपिनियन का इंतजार किया जा रहा है। ओपीनियन मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा कि छात्रा की किडनियों पर जहरीले पदार्थ का कितना असर पड़ा है। उधर, पंचरुखी पुलिस ने छात्रा के बयान भी कलमबद्ध किए हैं। बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 17 मई को घोषित जमा दो के वार्षिक परीक्षा परिणाम में छात्रा को फेल दर्शाया गया था। इससे दुखी होकर छात्रा ने तनाव में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन परिणाम वाले दिन ही कर लिया था। इसके बाद छात्रा की हालत खराब होने पर परिजन उसको पालमपुर अस्पताल में लेकर गए थे, जहां वह 19 मई तक उपचाराधीन रही। इसके बाद छात्रा की हालत में सुधार न होने की स्थिति पर उसे पालमपुर से टांडा अस्पताल को रेफर कर दिया। छात्रा का टांडा अस्पताल के आईसीयू में उपचार चला है। वहीं, 21 मई को शिक्षा बोर्ड की ओर से दोबारा घोषित परीक्षा परिणाम में छात्रा को पास बताया गया है।
उधर, पुलिस थाना प्रभारी पंचरुखी विद्यासागर ने बताया कि 17 मई को पुलिस को एक छात्रा के जहरीले पदार्थ का सेवन करने की सूचना मिली थी। छात्रा ने बयान दिया है कि उसको सिरदर्द थी और इसकी दवाई की जगह गलती से जहरीली दवाई का सेवन कर लिया था।