संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिले को टीबीमुक्त बनाने के लिए ब्लॉक स्तर पर निगरानी, डाटा आधारित कार्यप्रणाली और बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। यह बात टीबीमुक्त भारत अभियान 2.0 के तहत सोमवार को समीक्षा एवं सहक्षमता निर्माण बैठक में अध्यक्षता करते हुए सीएमओ डॉ. विवेक करोल ने कही।
उन्होंने बताया कि बैठक का उद्देश्य कार्यक्रम की प्रगति का आकलन, प्रमुख संकेतकों की समीक्षा और राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने जिला स्तर पर टीबी उन्मूलन प्रयासों को गति देने, जवाबदेही मजबूत करने और समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। पहली तिमाही के डीटीवीसी प्रदर्शन, एलजीडी मैपिंग, दैनिक रिपोर्टिंग प्रणाली और अभियान के क्रियान्वयन रोडमैप की समीक्षा की गई।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आरके सूद ने फॉलोअप सिस्टम को मजबूत करने और गुणवत्तापूर्ण रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में डॉ. निकेत, डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट, जिला के सभी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर्स, सीनियर मेडिकल ऑफिसर्स, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर्स और राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के पर्यवेक्षी स्टाफ उपस्थित रहा।