धर्मशाला। प्रदेश के पांच जिलों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले टांडा मेडिकल कॉलेज में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए टांडा प्रशासन ने एक बार फिर बहुमंजिला पार्किंग का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। हैरत की बात यह है कि दोबारा प्रस्ताव भेजने के लिए प्रशासन को चार माह का समय लग गया। मौजूदा समय में टांडा में पार्किंग काफी छोटी है, जिसके चलते वाहनों को मजबूरन परिसर में सड़क के किनारे पार्क करना पड़ रहा है।
टांडा मेडिकल कॉलेज परिसर में लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या के कारण पार्किंग की समस्या विकराल होती जा रही है। रोजाना मरीजों और उनके परिजनों को सड़क के किनारे वाहन पार्क करने पड़ रहे हैं, जिससे अस्पताल के आसपास ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। टांडा मेडिकल कॉलेज में पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और बहुमंजिला पार्किंग की योजना कई वर्षों से कागजों में ही अटकी हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रशासन ने पहली बार वर्ष 2022 में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजा था, लेकिन सरकार ने नवंबर, 2025 में इस प्रस्ताव को रद्द कर दिया था। सरकार ने तीन साल बाद इस पर निर्णय लिया था। इसके बाद करीब चार माह के भीतर प्रशासन ने संशोधित प्रस्ताव तैयार कर फिर से प्रदेश सरकार के पास भेज दिया है।
प्रस्ताव के अनुसार टांडा में बनने वाली बहुमंजिला पार्किंग में लगभग 500 वाहनों के पार्क होने की व्यवस्था होगी। इससे अस्पताल परिसर और आसपास की सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। टांडा मेडिकल कॉलेज में रोजाना हजारों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, जिससे पार्किंग की समस्या बढ़ती जा रही है। बहुमंजिला पार्किंग बनने से मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ को बड़ी सुविधा मिलेगी।
अब देखना यह है कि प्रस्ताव को सरकार से मंजूरी मिलती है या नहीं। मंजूरी मिलते ही परियोजना के लिए आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पार्किंग का निर्माण बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (बीओटी) के तहत किया जाएगा। इसमें निर्माण का सारा खर्च संबंधित कंपनी उठाएगी और तय समय के बाद पार्किंग टांडा प्रशासन के पास आ जाएगी।
टांडा मेडिकल कॉलेज में दोबारा पार्किंग बनाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद बीओटी मोड पर पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। टांडा में करीब 500 वाहनों के लिए पार्किंग का प्रस्ताव सरकार को एक माह पहले भेजा है। -डॉ. मेजर अवनिंद्र कुमार, अतिरिक्त निदेशक, टांडा मेडिकल कॉलेज
टांडा में सड़क किनारे पार्क के लिए दो पहिया वाहन। संवाद