धर्मशाला। फ्रेडरिक नौमान फाउंडेशन (एफएनएफ) भारत के प्रतिनिधि स्टेफन शॉट और कार्यक्रम प्रमुख नुपुर हसीजा ने वीरवार को धर्मशाला में तिब्बती निर्वासित संसद के अध्यक्ष खेनपो सोनम तेनफेल और उपाध्यक्ष डोलमा सेरिंग तेयखांग से शिष्टाचार भेंट की। लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने फ्रेडरिक नौमान फाउंडेशन और तिब्बती निर्वासित संसद के बीच तीन दशकों से अधिक समय से चल रही साझेदारी पर चर्चा की। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने तिब्बती लोकतंत्र को सुदृढ़ करने और उसे प्रोत्साहित करने में फाउंडेशन के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
धर्मशाला की यह यात्रा उन्हें केंद्रीय तिब्बती प्रशासन की लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली को और अधिक गहराई से समझने का अवसर प्रदान करेगी। बैठक के दौरान विश्व स्तर पर हो रहे परिवर्तनों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने और उन्हें सशक्त करने की आवश्यकता पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। ब्यूरो