प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्तियां अगले 15-20 दिन में कर दी जाएंगी। इसके तुरंत बाद बूथ स्तर तक समितियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने शुक्रवार को पालमपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में बजट सत्र के बाद पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाए जाने की संभावना है। प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार, यह चुनावी प्रक्रिया मार्च तक होने की संभावना है। विनय कुमार ने कहा कि लक्ष्य यह है कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों से पहले ब्लॉक, जिला और प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाए।
कांगड़ा जिले की राजनीतिक अहमियत पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांगड़ा हमेशा महत्वपूर्ण जिला रहा है, जहां से तीन-चार मंत्री बनते आए हैं। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में जिले से किसी नए नाम को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। विशेष रूप से पालमपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल के समय से ही इस क्षेत्र की बड़ी भूमिका रही है और वे प्रयास करेंगे कि विधायक आशीष बुटेल को भी सरकार में कोई पद मिले।
पालमपुर कांग्रेस सम्मेलन को संबोधित करते हुए विनय कुमार ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता हर बूथ पर मजबूत है और पार्टी का वोट बैंक पूरी तरह सुरक्षित है। भाजपा जो कांग्रेसियों को शामिल करने का दावा कर रही है, उससे पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस, भाजपा की तरह ओछी राजनीति में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से काम में जुट जाएं ताकि 2027 में कांग्रेस फिर से सत्ता में लौट सके।
ये भी पढ़ें- Himachal Bus Accident: सिरमौर के हरिपुरधार में बस दुर्घटनाग्रस्त, हादसे में 12 लोगों की मौत; 45 यात्री थे सवार